पेरिस ओलंपिक 2024 को शुरू हुए केवल तीन दिन ही हुए है, लेकिन एथलीट में पदक जीतने का जुनून देखने लायक हैं। दुनियाभर के एथलीट (युवा/सीनियर) पदक जीतने की कोशिश में जुटे है, लेकिन पेरिस ओलंपिक 2024 में एक महिला एथलीट ने मौजूदा समय में हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
उस महिला एथलीट के पेरिस 2024 (Paris Olympics 2024) में हौसले बुलंद है, लेकिन 2020 टोक्यो ओलंपिक में इस एथलीट की एकाग्रता ऐसी भंग हुई कि वह मुकाबले से बाहर हो गई। अब टोक्यो ओलंपिक में अपने अधूरे सपने के साथ अमेरिका की जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स की नजरें गोल्ड हासिल करने पर टिकी हुई है।बता दें कि पिंडली की चोट के बावजूद, अमेरिका की टॉप जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स मंगलवार रात यानी 30 जुलाई को पेरिस ओलंपिक टीम फाइनल्स में चारों स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।
दरअसल, सिमोन बाइल्स, अमेरिका की अब तक की सबसे सफल जिम्नास्ट हैं। 14 मार्च 1997 को जन्मी सिमोन ने जिम्नास्टिक में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके रिकॉर्ड उनके कौशल और कड़ी मेहनत को दर्शाते हैं। वह युवाओं के लिए अपने संघर्ष और जुनून की मिसाल पेश कर रही हैं।
सिमोन ने विश्व चैम्पियनशिप और ओलंपिक खेलों में 25 पदक, जिनमें से 19 स्वर्ण पदक हैं, और सात ओलंपिक पदक (चार स्वर्ण) जीते हैं। इसके अलावा उन्होंने 7 बार राष्ट्रीय ऑलराउंड खिताब जीतने वाली पहली अमेरिकी महिला होने का रिकॉर्ड बनाया और तीन लगातार विश्व ऑलराउंड खिताब जीतने वाली पहली महिला जिम्नास्ट हैं।
अमेरिकन क्लासिक में ह्यूस्टन में, सिमोन बाइल्स ने ऑलराउंड में तीसरा स्थान, वॉल्ट और बैलेंस बीम पर पहला स्थान, फ्लोर एक्सरसाइज में चौथा स्थान, और अनईवन बार्स में आठवां स्थान हासिल किया।